बॉलीवुड की क्वीन यानी कंगना रनौत इन दिनों अपनी फिल्म इमरजेंसी को लेकर सुर्खियों में हैं. हाल ही उन्होंने अपनी इस फिल्म की शूटिंग पूरी की है. कुछ दिनों पहले कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि उन्हें इस फिल्म के लिए अपनी पूरी प्रॉपर्टी गिरवी रखनी पड़ गई है. अब उन्होंने इस मामले को लेकर खुलकर बात की है. साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि ऐसा फैसला लेना उनके लिए कोई बड़ी बात नहीं है.
मेरे लिए ये कोई बड़ी बात नहीं
मीडिया के साथ बातचीत के दौरान कंगना रनौत ने कहा, ‘मैं जो काम ठान लेती हूं उसको अंजाम देकर ही रहती हूं. मेरे लिए ये कोई बड़ी बात नहीं है. एक मिनट में मैं कोई भी डिसीजन लेती हूं, लेकिन मेरे लिए वो (प्रॉपर्टी गिरवी रखना) ज्यादा हो गया था कि शूटिंग के टाइम पर बैंक के चक्कर लगाना, इवॉल्यूशंस करना फिर हमारी शूटिंग भी रुक रही थी. ये मेरे लिए थोड़ा सा हेक्टिक था, लेकिन कोई भी चीज दावं पर लगाना मेरे लिए कोई बड़ा डिसीजन नहीं था.
मुझे खुद पर भरोसा है
कंगना रनौत ने अपने स्ट्रगल के दौर को याद किया, जब वह कुछ रुपये लेकर मुंबई पहुंची थीं. उन्होंने कहा, ‘मैं इस शहर में 500 रुपये लेकर आई थी और मैं फिर से अगर पूरी तरह बर्बाद हो जाती हूं, तो मैं फिर से पूरी तरह खड़ी हो सकती हूं. मुझे खुद पर इतना कॉन्फिडेंस और हिम्मत है. मेरे लिए कोई मायने नहीं रखते हैं पोजेशंस.’
इस दिन रिलीज होगी इमरजेंसी
मालूम हो कि कंगना रनौत ने साल 2006 में फिल्म गैंगस्टर से बॉलीवुड में कदम रखा था. इस रोमांटिक-थ्रिलर मूवी में कंगना के साथ इमरान हाशमी नजर आए थे. इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा. इन दिनों कंगना एक्टिंग के अलावा डायरेक्शन में अपना हाथ आजमा रही हैं. वह इमरजेंसी फिल्म में नजर आएंगी, जिसकी प्रोड्यूसर वह खुद हैं. कंगना इस फिल्म में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के किरदार में दिखेंगी. इसके साथ ही उन्होंने इसके निर्देशन की कमान भी संभाली है. फिल्म इमरजेंसी 20 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी.

