राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट (Sachin Pilot) ने विधानसभा चुनाव से पहले अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस नेता राज्य की पूर्ववर्ती भाजपा सरकार में हुए कथित भ्रष्टाचार पर कार्रवाई नहीं किए जाने को लेकर सोमवार को जयपुर में अनशन करेंगे। हालांकि, पार्टी इस फैसले से खफा है।
बता दें कि पायलट जब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख थे तब पार्टी ने यह मुद्दा उठाया था और 2018 के विधानसभा चुनावों में सत्ता में आने पर घोटाले की जांच करने का वादा किया था।
खाचरियावास का समर्थन : खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने पायलट की मांग का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि वह पायलट की बात से सहमत हैं और यह सरकार की जिम्मेदारी है कि वह उन मुद्दों पर कार्रवाई करे जो पार्टी ने विपक्ष में रहते हुए उठाए थे। उन्होंने कहा, पायलट पार्टी की धरोहर हैं और राहुल गांधी ने भी यह कहा है। मैं मुख्यमंत्री से भी इस बारे में बात करूंगा और कहूंगा कि हमें कार्रवाई करनी चाहिए।

