– घंटाघर से कटला बाजार, आडा बाजार, खांडा फलसा, जालोरी गेट, गोल बिल्डिंग होते हुए सरदारपुरा सत्संग भवन पहुंचकर होंगी विसर्जित
– पूरे रूट पर लाखों श्रद्धालु कर रहे झांकियों के दर्शन, सेवा में जुटे हजारों समूह

जोधपुर। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव यानी रामनवमी के अवसर पर शहर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य शोभायात्रा निकाली जा रही है। शहर हमें विश्व हिंदू परिषद की ओर से निकाली जा रही इस शोभायात्रा में इस बार 450 झांकियां शामिल हो रही हैं। वर्ष 1984 से आयोजित किए जा रहे इस आयोजन के तहत शोभायात्रा घंटाघर से रवाना होगी, जिसकी अगुवाई करेंगी 500 महिलाएं, जो ध्वज लेकर मंगल गीत गाते हुए चल रही है। इस बार की झांकियों में सामाजिक एकता में अनेकता, राष्ट्रभक्ति व पर्यावरण बचाओ के संदेश सहित अन्य सकारात्मक विचारों को प्रदर्शित करने वाली झांकियां शामिल हो रही हैं।
शोभायात्रा का यह रहेगा रूट
रामनवमी महोत्सव की यह शोभायात्रा घंटाघर से रवाना होकर कटला बाजार, आडा बाजार, खांडा फलसा, जालोरी गेट, गोल बिल्डिंग होते हुए सरदारपुरा स्थित सत्संग भवन पहुंचकर विसर्जित होगी। महोत्सव समिति के अध्यक्ष डॉ. के. आर. डऊकिया ने बताया कि आध्यात्म व राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत शोभायात्रा समाज के हर वर्ग को एकजुटता का संदेह देती है। इसमें महाराष्ट्र से आई ढोल ताशा टीम, दिल्ली की हनुमान जी की झांकी सहित कई अन्य विशेष आकर्षण शामिल हैं। इनके अलावा, शोभा यात्रा में शहर के तमाम प्रमुख अखाड़े, जिनमें आर्य मरुधर व्यायामशाला, महादेव व्यायाम शाला, दुर्गा वाहिनी, महावीर दल, श्रीराम व्यायामशाला, शिव दल, रामा दल, ओम दल, हिंद शक्ति दल, शिव शक्ति दल, भगवान दल, कृष्णा जिम्नेजियम, देवी दल, भरत दल, बजरंग दल, हनुमान शक्ति दल, पवन पुत्र, जय भीम दल धरतीपुत्र, एकलव्य दल व्यायामशाला, भगत सिंह युवा दल, हनुमान दल व्यायामशाला आदि शामिल हैं।
कोरोनाकाल को छोड़ लगातार 1984 से जारी है शोभायात्रा
विहिप द्वारा जोधपुर महानगर में वर्ष 1984 से रामनवमी की शोभायात्रा निकाली जा रही है। विहिप प्रांत अध्यक्ष डॉ राम गोयल के अनुसार इस बार 39वां आयोजन भगवान श्रीराम जन्मोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। इसकी शुरुआत एक छोटी सी शोभायात्रा के तौर पर हुई थी। आज इस शोभायात्रा में शहर भर के लोग शामिल होते हैं।
समिति महामंत्री महेंद्र उपाध्याय ने बताया इस बार शोभायात्रा का 100 से अधिक जगह पर स्वागत किया जाएगा कई जगह पर तोरण द्वार लगाकर समाजसेवी और व्यवसाय संस्थाएं सम्मान करेगी। इस बार नगर के प्रमुख संतों के साथ विभिन्न जाति बिरादरी के प्रमुखों का स्वागत मंच पर किया जाएगा दोपहर 12:00 बजे संतों के सानिध्य में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया जाएगा।
शहर के इन इलाकों में रहेगी बदली यातायात व्यवस्थाएं
रामनवमी महोत्सव शोभायात्रा के मद्देनजर गुरुवार को शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। इस दौरान वाहनों की आवाजाही वैकल्पिक मार्गों से हो सकेगी। डीसीपी (मुख्यालय-यातायात) विनीत कुमार बंसल ने बताया कि शोभायात्रा सुबह घंटाघर से भीतरी शहर से सरदारपुरा सत्संग भवन पहुंचेगी। इस दौरान यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। इसके तहत शोभायात्रा के दौरान घंटाघर की तरफ से किसी भी प्रकार का वाहन नहीं आ जा सकेगा। सिर्फ पैदल आने वालों को छूट होगी। रूट- 6 व 10 की सिटी बसें घंटाघर की तरफ नहीं जा पाएगी।
– घंटाघर से आडा बाजार, जालोरी गेट तक आम वाहनों की नो एंट्री शोभायात्रा का अगला सिरा बालवाड़ी पहुंचने पर शनिश्चरजी का स्थान, 5वीं रोड की तरफ से आने वाले यातायात को 5वीं रोड, 12वीं रोड व रेजीडेंसी की तरफ डाइवर्ट किया जाएगा। नई सड़क चौराहे से जालोरी गेट जाने वाले यातायात को पुरी तिराहा, रेलवे स्टेशन, ओलम्पिक तिराहा, तारघर मोड़, मेहता भवन, जलजोग होकर 12वीं रोड की तरफ संचालित होंगे। शोभायात्रा के सत्संग भवन में प्रवेश करने तक शोभायात्रा में शामिल होने वाहन ही शनिश्चरजी का स्थान से जालोरी गेट, एमजीएच से जालोरी गेट, ओलम्पिक तिराहा से जालोरी गेट और जालोरी गेट से गोल बिल्डिंग तक आ जा सकेंगे। बीमार व मरीजों के लिए अस्पताल आने-जाने वालों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होंगे।