राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर जयपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के समर्थन में प्रदर्शन किया। बता दें मानहानि मामले में कोर्ट ने राहुल गांधी को दोषी करार दिया है। राहुल गांधी को दो साल की सजा सुनाए जाने के बाद पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने मोदी सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। अपने आरोप में कहा कि केंद्र सरकार देश की संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को फंसा रही है. लेकिन राहुल गांधी सावरकर की तरह डरकर माफी नहीं मांगेंगे। कांग्रेस पार्टी अब इस लडाई को कोर्ट मे लड़ेगी और सड़कों पर भी लड़ने से नहीं डरेगी. बता दें कि आज राहुल गांधी को सूरत कोर्ट ने मोदी सरनेम को लेकर हुई मानहानि मामले में दोषी ठहराया है। राहुल गांधी को दोषी ठहराने के बाद अब कांग्रेस पार्टी इस लड़ाई को कोर्ट के साथ साथ सड़कों पर भी लड़ने की रणनीति बना रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डोटासरा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि “राहुल गांधी सावरकर नहीं हैं जो माफी मांगेंगे” और कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के साथ खड़ी है चाहे इसके लिए कोर्ट में लड़ाई लड़नी पड़े या फिर सड़कों पर उतरना पड़े। पूरी कांग्रेस राहुल गांधी और उनकी विचारधारा के साथ खड़ी है।
डोटासरा ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार पूरे देश में ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स जैसी संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करने के लिए जानी जाती है. ये वही काम कर रहे हैं जो संविधान के खिलाफ है. डोटासरा ने कहा कि राहुल गांधी उस पार्टी के विचारधारा वाले व्यक्ति हैं जिसने महात्मा गांधी की अगुवाई में देश को आजाद करवाया. राहुल गांधी की दादी और पिता देश की अखंडता और एकता के लिए शहीद हो गए. उस राहुल गांधी को केद्र सरकार गलत मुकदमेबाजी में फंसा कर डराना चाहती है।
बता दें कि राहुल गांधी, राहुल गांधी हैं, सावरकर नहीं हैं ये डरने वाला नहीं है। जैसे सावरकर ने अंग्रेजों से लिखित में माफी मांगी थी वैसे राहुल गांधी न कभी गलत बोलता है और न ही वो माफी मांगता है। डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के साथ खड़ी है. पूरे देश का कांग्रेस का कार्यकर्ता राहुल गांधी और उनकी विचारधारा के साथ खड़े हैं. उन्होंने पूछा- क्या नीरव मोदी और ललित मोदी के ऊपर भ्रष्टाचार के मुकदमे दर्ज नहीं है ? क्या मोदी सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले नहीं हैं ? पूरा देश जानता है किस तरह से पेगासस के जरिये सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है और किस प्रकार से अडानी को नाजायज फायदा पहुंचाया जा रहा है. अगर हम अडानी के मामले में जेपीसी की मांग कर रहे हैं तो क्या गलत है ? राहुल गांधी को लोकसभा में अपनी बात रखने का मौका भी नहीं दिया जा रहा है. इससे साफ है कि वह राहुल गांधी और उनकी विचारधारा से घबराए हुए लोग हैं।

