जोधपुर। लंबे इंतजार के बाद जोधपुर को वंदे भारत ट्रेन मिलने जा रही है। ट्रेन को चलाने के लिए रेलवे ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सात जुलाई को गोरखपुर में तीन वंदे भारत ट्रेनों को झंडी दिखा सकते हैं, जिसमें एक भगत की कोठी से साबरमती की वंदे भारत भी शामिल होगी। रेलवे की तैयारी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वंदे भारत के संचालन के लिहाज से 11 अन्य ट्रेनों के अहमदाबाद पहुंचने व रवाना होने के समय में बदलाव किया गया है। इनमें से अधिकांश ट्रेनों का समय सात जुलाई से बदलेगा। पश्चिम रेलवे ने भी यही बात कही थी कि वंदे भारत के लिए कुछ ट्रेनों का टाइम बदलना होगा।
प्रस्तावित समय सारिणी के मुताबिक भगत की कोठी से यह ट्रेन सुबह 6 बजे रवाना होकर 10:04 पालनपुर होते हुए दोपहर 12:05 बजे साबरमती पहुंचेगी। वापसी में साबरमती से अपराह्न 4:45 बजे चलकर रात 10:45 बजे भगत की कोठी आएगी। इस रविवार को नहीं चलाया जाएगा। उत्तर पश्चिम रेलवे जोन में चलने वाली यह दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस होगी। अभी अजमेर से दिल्ली कैंट के लिए एक वंदे भारत एक्सप्रेस दौड़ रही है। भगत की कोठी व साबरमती के बीच 446 किलोमीटर की दूरी यह ट्रेन औसत 74 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से 6 घंटे में तय करेगी। उम्मीद की जा रही है कि दो-तीन दिन में इसका रैक जोधपुर भेज ट्रॉयल किया जाएगा।
इन ट्रेनों के अहमदाबाद के टाइम में किया बदलाव
- गाडी संख्या 20824, अजमेर-पुरी 11.07.23 से : अब 03.00 बजे अहमदाबाद आगमन व 03.10 बजे प्रस्थान करेगी।
- गाडी संख्या 12990, अजमेर-दादर 07.07.23 से : अब अहमदाबाद 04.20 बजे आगमन व 04.30 बजे प्रस्थान करेगी।
- गाडी संख्या 12489, बीकानेर-दादर रेलसेवा 08.07.23 से : अहमदाबाद 04.20 बजे आगमन व 04.30 बजे प्रस्थान करेगी।
- गाडी संख्या 20484, भगत की कोठी-दादर रेलसेवा 07.07.23 से : अहमदाबाद स्टेशन पर 04.20 बजे आगमन व 04.30 बजे प्रस्थान करेगी।
- गाडी संख्या 22738, हिसार-सिकन्दराबाद 07.07.23 से : अब अहमदाबाद 07.50 बजे आगमन व 08 बजे प्रस्थान करेगी।
- गाडी संख्या 22916, हिसार-बान्द्रा 11.07.23 से : अब अहमदाबाद 07.50 बजे आगमन व 08.00 बजे प्रस्थान करेगी।
- गाडी संख्या 17624, श्रीगंगानगर-नान्देड़ 08.07.23 से : अब अहमदाबाद 07.50 बजे आगमन व 08.00 बजे प्रस्थान करेगी।
- गाडी संख्या 14707, बीकानेर-दादर 06.07.23 से : अब अहमदाबाद 22.50 बजे आगमन व 23.05 बजे प्रस्थान करेगी।
- गाडी संख्या 12215, दिल्ली सराय-बान्द्रा 06.07.23 से : अब अहमदाबाद 00.30 बजे आगमन व 00.40 बजे प्रस्थान करेगी।
- गाडी संख्या 22452, चंडीगढ-बान्द्रा 09.07.23 से : अब अहमदाबाद 00.30 बजे आगमन व 00.40 बजे प्रस्थान करेगी।
- गाडी संख्या 20944, भगत की कोठी-बान्द्रा टर्मिनस 07.07.23 से : अब अहमदाबाद 00.30 बजे आगमन व 00.40 बजे प्रस्थान करेगी।