बाड़मेर. बाड़मेर जिले के सिवाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम मंदिर में दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार तेज रफ्तार के कारण देवड़ा गांव के समीप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में कार ड्राइवर व एक महिला की मौत हो गई। जबकि दो महिलाओं सहित सात अन्य घायल होगए। कार में सवार सभी लोग थोब निवासी है।
पुलिस के अनुसार थोब निवासी सुरेश चौधरी आज अपने गांव के कुछ लोगों के साथ सिवाना क्षेत्र के हल्देश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करने के लिए गए। वापसी में सिवाना क्षेत्र के देवड़ा गांव के समीप उनकी कार सड़क पर यकायक सामने आए एक जानवर को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार के कारण कार कई बार पलटने के बाद खेत में जाकर थमी। कार पलटते ही इसमें सवार सभी लोग अंदर फंस गए और मदद के लिए चिल्लाने लगे। क्षेत्र के लोगों ने भाग कर सभी लोगों को कार से बाहर निकाला। तब तक 35 वर्षीय सुरेश चौधरी व 25 वर्षीय मनीषा पत्नी वीरेन्द्र की मौत हो चुकी थी। दो महिलाओं सहित सात घायलों को विभिन्न वाहनों से बालोतरा के नाहटा अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों मृतकों के शव नाहटा अस्पताल में रखवाए। अस्पताल में भर्ती सात लोगों में से दो की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

[bsa_pro_ad_space id=2]