जोधपुर। पवित्र पुरषोत्तम मास में स्वामी ईश्वरानंद गिरि महाराज के शिष्यों द्वारा जोधपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पूरे महीने प्रत्येक शाम को आयोजित होने वाला संवित संकीर्तन कार्यक्रम पुरषोत्तम मास के प्रथम दिवस अजीत भवन से प्रारंभ हुआ जो पूरे माह शहर के विभिन्न स्थानो पर आयोजित होगा। श्रीमद भगवदगीता और विष्णुसहस्रनाम पाठ के साथ भगवान विष्णु की मालपुओं से अर्चना की गई। संवित साधक अनिल राघवानी पुरोहित, नटवर व्यास, तरुण व्यास और शरद जोशी पूरे माह के संवित संकीर्तन कार्यक्रम के आयोजन की व्यवस्था देख रहे है। प्रथम दिवस आयोजन में संवित साधक और राजपरिवार के गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।
संवित साधनायन संस्थान की अध्यक्षा रानी उषा देवी व सचिव भरत जोशी ने बताया कि संवित संकीर्तन कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ववलन से हुआ। मंगलाचरण, गुरुशरणम भजन, प्रथम पांच शांति मंत्र, श्रीसुक्तम का पाठ, श्रीपुरुषसुक्त, गीता पंचोदशम अध्याय का सामूहिक पाठ किया गया। उसके बाद संकल्प लेकर श्रीविष्णु सहस्त्रनामावली का पाठ और भगवान श्री विष्णु की 33 मालपुओं से पुरषोत्तम मास 33 नाम अर्चना की गई। उसके बाद संवित संकीर्तन, ओम जय जगदीश हरे आरती,कोटि कोटि गुरु आरती, कर्पूर आरती, शांति मंत्र, पुष्पाञ्जलि के साथ उपसंहार भजन का गान हुआ।