35.3 C
Jodhpur

सूरसागर: भाजपा में जन्मदिवस की आड़ में शक्ति प्रदर्शन की होड़, 22 नेताओं ने जताई दावेदारी

spot_img

Published:

नारद जोधपुर। जोधपुर में इन दिनों नेताओं में जन्मदिन मनाने के बहाने अपनी जाजम जमाने की होड़ मची है। जोधपुर शहर की सूरसागर (Soorsagar) विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की तरफ से दो दावेदार जन्मदिन (Birthday) आयोजन के बहाने अपना शक्ति प्रदर्शन करने में जुटे है। वे यह मान कर चल रहे है कि छह बार विधायक रह चुकी जीजी के नाम से प्रसिद्ध 85 वर्षीय सूर्यकांता व्यास (Suryakanta Vyas) को बढ़ती उम्र के कारण टिकट नहीं मिलेगा। वहीं जीजी भी बढ़ती उम्र के बावजूद ताल ठोक मैदान में डटी है। इस सीट से भाजपा(BJP) की तरफ से कुल 22 दावेदारों के नाम सामने आए है। ऐसे में देखने वाली बात होगी कि भाजपा यहां से किसे मैदान में उतारती है।

भाजपा की तरफ से सूरसागर विधानसभा क्षेत्र से टिकट के कई दावेदार है। इनमें से अधिकांश ब्राह्मण है। दो दिन पूर्व भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जगतनारायण जोशी ने अपना जन्मदिवस सेवा दिवस के रूप में मनाया। इसके बहाने उन्होंने अपना शक्ति प्रदर्शन किया। आज शहर में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राज्यसभा के पूर्व सांसद नारायण लाल पंचारिया भी जन्मोत्सव समारोह के माध्यम से अपना शक्ति प्रदर्शन करने जा रहे है।

शक्ति प्रदर्शन से नहीं मिलेगा टिकट

जन्मदिवस के माध्यम से नेताओं में लगी शक्ति प्रदर्शन की होड़ के बारे में एक वरिष्ठ नेता ने टिप्पणी की, कि पार्टी ऐसे टिकट नहीं देती है। इन प्रदर्शन का कोई औचित्य ही नहीं है। पार्टी अभी कांग्रेस पर नजर गढ़ाए बैठी है। कांग्रेस इस सीट पर मुस्लिम प्रत्याशी को एक बार फिर मौका देती है या फिर लगातार तीन हार के बाद चौंकाने वाला चेहरा लाकर भाजपा के ध्रुवीकरण की हवा निकालने का प्रयास करती है। भाजपा का प्रयास है कि किसी ऐसे नए चेहरे को मौका दिया जाए जिसमें पार्टी के वोट बैंक के अतिरिक्त वोट लाने की क्षमता सबसे अधिक हो। फ्लोटिंग वोट ही हार-जीत में निर्णायक भूमिका निभाते है।

22 दावेदार कतार में

सूरसागर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी की तरफ से विधायक सूर्यकांता व्यास के अलावा वर्तमान में कुल 22 दावेदार सामने आए है। ब्राह्मण इस सीट पर मजबूती से अपना दावा जता रहे है तो ओबीसी का कहना है कि अब उन्हें भी मौका मिलना चाहिये। इस सीट से पूर्व महापौर घनश्याम ओझा, पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जोशी, घनश्याम वैष्णव, कमलेश पुरोहित, हेमंत घोष, पूर्व जिलाध्यक्ष जगतनारायण जोशी, नारायण लाल पंचारिया, गणेश बिजाणी, इंद्रा राजपुरोहित, व सीमा माथुर सहित कुछ नाम सामने आए है।

नाटे कद की जीजी का पार्टी में कद काफी बड़ा

सूरसागर से लगातार तीन बार विधायक रह चुकी सूर्यकांता व्यास अपनी सीट आसानी से छोड़ने को तैयार नहीं है। सूर्यकांता ने अब तक सात विधानसभा चुनाव लड़े। इनमें से वे वर्ष 1990, 1993 व 2003 में जोधपुर शहर से चुनी गई। जबकि वर्ष 2008, 2013 व 2018 में सूरसागर से चुनी गई। वर्ष 1998 में उन्हें सिर्फ एक बार जोधपुर शहर से हार का सामना करना पड़ा था। नाटे कद की जीजी का पार्टी में कद काफी बड़ा है। उम्र हालांकि उनके पक्ष में नहीं है। लेकिन जीजी का कहना है कि वे हमेशा अपने क्षेत्र में सक्रिय रही है। लोगों से संपर्क हमेशा बनाए रखा। यदि इसके बावजूद पार्टी उन्हें टिकट नहीं देती है तो फिर उनके पौत्र को टिकट प्रदान किया जाए। ऐसे में जीजी की दावेदारी को कमजोर नहीं आंका जा सकता है।

#Sursagar: Competition of show of strength in BJP under the guise of birthday, 22 leaders stake claim

[bsa_pro_ad_space id=2]
spot_img
spot_img

सम्बंधित समाचार

Ad

spot_img

ताजा समाचार

spot_img