नारद भोपालगढ़। पंचायत समिति भोपालगढ़ क्षेत्र की नवगठित ग्राम पंचायत छापला में सरपंच पद के उपचुनाव 20 अगस्त को संपन्न होंगे और इस दिन सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान करवाया जाएगा। ग्राम पंचायत छापला में सरपंच पद हेतु तीन उम्मीदवार देवी दीनाराम मेघवाल, पूजा राजूराम मेहतर व लक्ष्मी बद्रीलाल मेघवाल अपना भाग्य आजमा रही हैं। गौरतलब है कि ग्राम पंचायत रजलानी से अलग होकर पहली बार गठित हुई छापला ग्राम पंचायत में एक ही कार्यकाल में सरपंच पद के लिए तीसरी बार चुनाव हो रहे हैं। ग्राम पंचायत छापला में पहली बार निर्विरोध सीताराम हरिजन व दूसरी बार चुनाव जीतकर बिदामी हरिजन सरपंच बने थे। इन दोनों का ही सरपंच पद पर रहते हुए निधन हो गया था जिसके चलते अब 20 अगस्त को तीसरी बार चुनाव होंगे।

