– रोडवेज में नए कर्मचारियों की भर्ती व ढाई हजार नई बसें खरीदने सहित अन्य मांगों को लेकर कर रहे आंदोलन
नारद जोधपुर। राजस्थान रोडवेज में 10 हजार नए कर्मचारियों की भर्ती करने व ढाई हजार नई बसें खरीद करने सहित अन्य मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे कर्मचारियों ने शुक्रवार को राइका बाग रोडवेज बस स्टैंड पर प्रदर्शन कर पुतला जलाया। कर्मचारी नेता राजेंद्र चौधरी व कुंदनसिंह के नेतृत्व में 1 सितंबर को सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के प्रतीक पुतले का दहन किया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए अपनी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाने की बात भी दोहराई। इनमें मुख्य रूप से रोडवेज में 10,000 कर्मचारियों की नई भर्ती करने, 2500 नई बसों की खरीद करने और राजस्थान रोडवेज को राज्य सरकार में शामिल करने करने की मांग को पूरा करने, बस अड्डा प्राधिकरण को निरस्त करने की मांग शामिल है। राज्य सरकार की शिथिलता पर आक्रोश जताते हुए कर्मचारियों ने सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया। इससे रोडवेज कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। प्रदर्शन के दौरान एटक के सचिव गणपतसिंह राजपुरोहित ने बताया कि सरकार न तो समय पर वेतन देती है और न ही रिटायर हुए कर्मचारियों को समय पर पेंशन ही दे रही है। इससे रोडवेज कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है एटक के उपाध्यक्ष चालक जयकिशन, मोहनसिंह भाटी, राकेश गहलोत, केसर सिंह, अशोक भाटी, अशोक शर्मा सहित अन्य ने सरकार से समय रहते रोडवेज कर्मचारियों की मांगों पर ध्यान देंने और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भुगतान नहीं होने पर 5 सितंबर को पूरे प्रदेश में रोडवेज का चक्का जाम करने की चेतावनी दी है। इस दौरान घीसूसिंह राजपुरोहित, सूरज प्रकाश, रामसिंह, राजू व्यास सहित कई अन्य कर्मचारियों ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया।