नारद भोपालगढ़। नगरपालिका भोपालगढ़ की निवासी समाजसेविका चौथी देवी गुरु को शक्ति फिल्म प्रोडक्शन द्वारा निर्मला ऑडिटोरियम जयपुर में 2 सितंबर को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ आयोजित जयपुर रत्न सम्मान समारोह चतुर्थ संस्करण में जयपुर रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया। इस सम्मान समारोह में देशभर से विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाली 250 से भी अधिक प्रतिभाओं को गणमान्य अतिथियों की गरिमामय उपस्थिति में सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके द्वारा एकल नारी सम्मान पेंशन राशि का सदुपयोग कर शिक्षा क्षेत्र में अनुकरणीय पहल करते हुए विद्यार्थियों के शिक्षण कौशल विकास हेतु स्थानीय दो विद्यालयों में स्मार्ट स्टडी कक्ष तैयार कर सामाजिक सरोकार के रूप में प्रदान किया गया है। जयपुर रत्न सम्मान समारोह सीजन 4 की आयोजक एवं प्रोड्यूसिंग डायरेक्टर अंबालिका शास्त्री का मानना है कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में समर्पित भाव से उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाली विभूतियों एवं प्रतिभाओं को सम्मानित करते हुए हमें गर्व की अनुभूति होती है।

