नारद भोपालगढ़। भोपालगढ़ सहित क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में पिछले लंबे समय से बारिश नहीं होने की वजह से खराब हुई सावणी फसलों को अकाल घोषित करते हुए बीमा क्लेम के तहत राशि दिलवाने की मांग को लेकर क्षेत्र के किसानों द्वारा आगामी 8 सितंबर को भोपालगढ़ उपखण्ड मुख्यालय पर विरोध-प्रदर्शन किए जाने के साथ ही इस संबंध में मुख्यमंत्री व जिला कलक्टर के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।किसान नेता रामनिवास पांगा रड़ोद ने बताया कि इस बार भोपालगढ़ क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में समय-समय पर हुई अच्छी बारिश के चलते किसानों ने हजारों हैक्टेयर जमीन पर बाजरा, मूंग, मोठ, तिल, ज्वार व ग्वार आदि विभिन्न सावणी फसलों की बुवाई की थी। इसके बाद प्रारंभिक दौर में जरूरत के समय हुई अच्छी बारिश के चलते ये सभी फसलें बहुत अच्छी तरीके से पनपी भी थी। लेकिन इसके बाद पिछले एक महीने से बारिश नहीं होने की वजह से किसानों के खेतों में खड़ी सारी सावणी फसलें जलकर नष्ट सी हो गई है और इनसे नाम मात्र की उपज भी नहीं मिल रही है। जिसको लेकर अब किसानों ने राम की आस छोड़कर राज से राहत की उम्मीद लगानी शुरू कर दी है।ऐसे में किसानों को फसल खराबे का मुआवजा नहीं मिल पाने की आशंका भी सताने लगी है।किसान नेता पांगा ने बताया कि भोपालगढ़ विधानसभा क्षेत्र को अकाल घोषित करने के साथ ही किसानों को पर्याप्त बीमा क्लेम भी देने की मांग को लेकर भोपालगढ़ क्षेत्र के किसान 8 सितंबर को स्थानीय उपखण्ड मुख्यालय पर विरोध-प्रदर्शन करेंगे और इस संबंध में मुख्यमंत्री व जिला कलक्टर के नाम ज्ञापन भी दिया जाएगा।

