– गणेशोत्सव में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
नारद लूणी।
कस्बे सहित क्षेत्र में गणेश चतुर्थी से आरंभ हुए गणेशोत्सव के समापन के मौके पर श्रद्धालुओं द्वारा गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकालकर तालाब में प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। हर साल की तरह इसबार भी कस्बे में कई स्थानों पर गणपति प्रतिमाओं को गणेश चतुर्थी पर विराजमान कराया गया था। इस दौरान रोजाना सुबह एवं शाम को गणपति की आरती की जाती रही तथा श्रद्धालुओं द्वारा भजन-किर्तन कर सुख समृद्धि एवं आरोग्य की कामना की गई। गणेशोत्सव के समापन के मौके पर डीजे पर धार्मिक गीतों एवं गणपति के जयकारों के साथ नाचते-झूमते हुए श्रद्धालुओं द्वारा गणपति की शोभायात्रा निकाली गई। कस्बे के कई मार्गों से होते हुए शोभायात्रा तालाब पर पहुंची। जहां पर पूजा अर्चना के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। वहीं इस दौरान कस्बे में कई स्थानों पर शोभायात्रा का श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा एवं गुलाल के साथ स्वागत किया गया एवं गणपति के दर्शन कर सुख, समृद्धि व खुशहाली की कामना की गई।