भोपालगढ़। भोपालगढ़ नगर पालिका में चल रही इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना के तहत कनिष्ठ अभियंता मनोहर लाल द्वारा महादेवरा नाडा पर शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान उपस्थित श्रमिकों के ही गैर हाजिरी लगाने पर महिला श्रमिक शनिवार को जानकारी मिलने पर भड़क गई और भोपालगढ़ नगर पालिका पहुंचकर विरोध प्रकट करते हुए आक्रोश जताया। इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना में लगी हुई महिला श्रमिक ने बताया कि महादेवरा नाडा पर चल रहे कार्य स्थल पर कनिष्ठ अभियंता मनोहर लाल द्वारा निरीक्षण के दौरान उपस्थित महिला श्रमिकों के ही गैर हाजिरी लगाने के साथ ही श्रमिकों को कहा कि आपकी रेट कम आएगी। ऐसे में श्रमिकों में कनिष्ठ अभियंता मनोहरलाल के विरोध में आक्रोश पनपा और उन्होंने नगर पालिका पहुंचकर कनिष्ठ अभियंता का घेराव करते हुए खरी खोटी सुनाई। इस दौरान लगभग घण्टे तक कनिष्ठ अभियंता एवम महिला श्रमिको के बीच समझाइश का दौर चला।समझाइश के दौरान कनिष्ठ अभियंता मनोहरलाल ने आश्वासन दिया कि उपस्थित सभी महिला श्रमिको की हाजिरी दर्ज कर ली जाएगी व जितना काम उतना दाम के तहत भुगतान भी करवा दिया जाएगा। जिसके बाद श्रमिक माने । महिलाओ ने कार्यस्थल पर पानी की व्यवस्था नहीं होने की भी पीड़ा बताई।इसके साथ ही मनरेगा के श्रमिको ने बताया कि मेट भी पैसा लेता है नही तो गेर हाजरी लगाने की धमकी देते है।एक श्रमिक ने नाम गुप्त रखने का कहकर बताया कि पिछले हफ्ते मेट ने पैसे लिए लेकिन जीतने पैसे लिए उससे भी कम भुगतान आया। इस दौरान कई महिला श्रमिक मौजूद थी।

