राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत रेप करने वालों के लिए तालिबानी सजा चाहते हैं। उन्होंने कहा है कि ऐसा करने से दूसरे लोगों के मन में डर बैठेगा। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अदालत इसकी इजाजत नहीं देता है। उन्होंने इस बात पर भी सवाल उठाया कि सुप्रीम कोर्ट हथकड़ी लगाने को भी मना करता है।
रेपिस्ट को फांसी वाले बयान पर घिरे थे गहलोत
इससे पहले पिछले साल अगस्त में अशोक गहलोत के उस बयान पर काफी विवाद हुआ था जिसमें उन्होंने कहा था कि रेप केस में फांसी की सजा होने की वजह से बच्चियों की हत्या के मामले बढ़े हैं। उन्होंने कहा था कि निर्भया कांड के बाद रेपिस्ट को फांसी की सजा दी जाने लगी, लेकिन इससे बच्चियों से दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले बढ़े हैं। क्योंकि बलात्कारी सोचता है कि पीड़िता उसके खिलाफ गवाह बनेगी तो उसे सजा हो जाएगी। भाजपा ने इस बयान को लेकर उनकी आलोचना की थी। पूर्व केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा था कि सीएम अपनी नाकामी छिपाने के लिए इस तरह के बयान दे रहे हैं।