जोधपुर. भारी बारिश के कारण तीन दिन से स्थगित रही अमरनाथ यात्रा मौसम थोड़ा ठीक होने के बाद फिर से शुरू होने के आसार नजर आ रहे है। पंचतरणी के बेसकेंप में जोधपुर जिले के 14 तीर्थ यात्री तीन दिन से फंसे हुए है। इनमें चार महिलाएं भी शामिल है। जोधपुर के लोगों में 12 फलोदी के अलावा एक-एक जोधपुर शहर व पीपाड़ के है। अब सेना ने पंचतरणी में तीन दिन से फंसे करीब छह हजार लोगों को अमरनाथ प्रस्थान के लिए कतार बनवानी शुरू कर दी है। यहां से अमरनाथ गुफा करीब छह किलोमीटर दूर है।
जोधपुर से गए एक तीर्थ यात्री महेन्द्र सिंह ने बताया कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण हम लोग अन्य छह हजार यात्रियों के साथ तीन दिन से पंचतरणी में ही अटक गए है। तीन दिन से लगातार टेंट में बैठे रहे। बाहर भी नहीं निकल पाए। उन्होंने बताया कि यहां बारिश के साथ कड़ाके की सर्दी के कारण लोगों की हालत खराब हो रही है। यहां मौजूद जोधपुर के 14 तीर्थ यात्रियों की तबीयत ठीक है। सर्दी के अलावा अन्य किसी प्रकार की दिक्कत नहीं है। आज उम्मीद बंधी है कि मौसम थोड़ा ठीक होते ही हमें कतार में आगे बढ़ने की अनुमति मिल जाएगी। फिलहाल हमें कतार बनाने को कहा गया है। हालांकि सुबह से बादल छाए हुए है, लेकिन बारिश नहीं हुई है। ऐसे में आज बर्फानी बाबा के दर्शन होने की उम्मीद है।
राष्ट्रीय राजमार्ग भी बंद
जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगह-जगह हो रही भारी बारिश और भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग भी पूरी तरह बंद कर दिया गया है। रामबन जिले के पंथ्याल इलाके को जोड़ती T3 और T5 टनल के पास की सड़क भूस्खलन और बारिश के कारण पूरी तरह बह गई, जिसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर गाड़ियों की आवाजाही को रोक दिया गया है।
तीस जून को शुरू हुई थी यात्रा
इस साल 30 जून 2023 से अमरनाथ यात्रा की शुरुआत हुई थी। इस यात्रा में अभी तक करीब 84,000 तीर्थयात्री पहुंच चुके हैं। खराब मौसम के कारण तीर्थयात्रियों को इस पवित्र गुफा की ओर जाने से रोक दिया गया है, जिन्हें मौसम ठीक होने के बाद यात्रा के लिए रवाना कर दिया जाएगा।
बारिश जारी रहने की संभावना
जम्मू और रामबन जिलों में लगभग 6000-6000 लोगों, सांबा में 1200, कठुआ में 1100 और उधमपुर जिलों में 600 लोगों कोमें ठहराया गया है। मौसम विभाग ने कहा कि रविवार को जम्मू-कश्मीर के अधिकांश इलाकों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है, लेकिन जम्मू संभाग के कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने मानसूनी हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के कारण 10 से 14 जुलाई तक बादल छाए रहने की संभावना जताई है। शाम या सुबह के समय कुछ स्थानों पर रुक-रुक कर गरज के साथ बारिश होगी।
[bsa_pro_ad_space id=2]

