– घायल प्रदेशाध्यक्ष भंवरसिंह सालडिया का हॉस्पिटल में चल रहा उपचार
नारद उदयपुर। श्री राजपूत करणी सेना के जिलाध्यक्ष पद से हटाने की बात को लेकर एक शख्स अपने प्रदेशाध्यक्ष से इस कदर नाराज हो गया कि उसने प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए पहुंचे प्रदेशाध्यक्ष भंवरसिंह सलाड़िया को गोली मार दी। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक हुए इस घटनाक्रम के बाद यहां मौजूद अन्य लोगों ने पूर्व जिलाध्यक्ष दिग्विजयसिंह को पकड़कर पहले तो धुनाई की और बाद में मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया। घायल प्रदेशाध्यक्ष का हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है।
दरअसल, श्री राजपूत करणी सेना के प्रदेशाध्यक्ष भंवरसिंह 23 सितंबर को उदयपुर के गांधी ग्राउंड में आयोजित होने वाली न्यायाधिकार महारैली के संबंध में मीडिया से बातचीत करने के लिए रविवार को स्थानीय बीएन कॉलेज पहुंचे थे। यहां सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के बाद वे स्थानीय पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं और मीडियाकर्मियों के साथ जलपान कर रहे थे। इसी दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष दिग्विजय सिंह बांठेड़ा वहां पहुंचा और पिस्टल निकालकर भंवरसिंह सलाड़िया पर फायर कर दिया। गोली उनके कमर में लगी। इससे घायल होकर वे नीचे गिर पड़े। करणी सेना के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उन्हें संभाला और तत्काल हॉस्पिटल ले गए।
आरोपी को भीड़ से बचाने के लिए पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत
अचानक फायरिंग की आवाज से यहां एकबारगी हड़कंप मच गया। कई लोग घबराकर इधर-उधर हो गए, लेकिन करणी सेना के पदाधिकारी संभले और भागने की कोशिश कर रहे दिग्विजयसिंह को पकड़ कर वहीं धुनाई शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। इस दौरान भी आरोपी को भीड़ से बचाने के लिए पुलिस टीम को खासी मशक्कत करनी पड़ी। प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया कि प्रदेशाध्यक्ष भंवरसिंह ने दिग्विजय सिंह को जिलाध्यक्ष पद से बर्खास्त कर दिया था और इसी वजह से वो सालोडिया से खफा था। इस मुद्दे को लेकर दोनों के बीच कई दिनों से खींचतान भी चल रही थी।
#Udaipur #Firing #shreerajputkarnisena #bhanwarsinghsaladiya #karnisena #Angry young man shot Karni Sena state president after being removed from the post of district president, condition critical