जोधपुर. सीमावर्ती बाड़मेर जिले के चौहटन क्षेत्र में एक प्रेमी युगल की साथ जीने व साथ मरने की कसम पूरी नहीं हो पाई। प्रेमी से मिलने पहुंची चार बच्चों की मां के साथ दोनों ने एक पेड़ से फंदा लगा जान देने की कोशिश की, लेकिन प्रेमी का फंदा खुल गया। इसके बाद उसने टांके में कूद जान देने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया। वहीं महिला की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार कल शाम एक महिला अपने ससुराल से चौहटन निवासी अपने 19 वर्षीय प्रेमी से मिलने पहुंची। दोनों ने प्रेमी के घर से कुछ दूरी पर एक पेड़ से चुंदरी से फंदा लगा छलांग लगा दी। छलांग लगाते ही लगे झटके से युवक का फंदा खुल गया और वह जमीन पर जा गिरा, जबकि युवती फंदे से लटकी रह गई। युवती को तड़पते देख युवक ने टांके में कूद जान देने के लिए वहां से दौड़ लगाई। तब तक कुछ लोगों ने उसे देख लिया और उन्होंने उसे पकड़ लिया। लोगों ने महिला को संभाला तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस के अनुसार 32 वर्षीय मृतक महिला की पहचान बामणोर निवासी पूरो देवी भील के रूप में हुई। मृतका के चार बच्चे है और सबसे बड़ा लड़का तेरह साल का है।

[bsa_pro_ad_space id=2]