भोपालगढ़। युवा कांग्रेस भोपालगढ़ द्वारा केंद्र की मोदी सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाते इंदिरा सर्किल भोपालगढ़ पर प्रधानमंत्री मोदी का पुतला जलाकर विरोध प्रदर्शन किया।युवा नेता रामस्वरूप देवड़ा एवम युवा कांग्रेस भोपालगढ़ विधानसभा उपाध्यक्ष मुकेश भगत देवड़ा ने बताया कि केंद्र की भाजपा सरकार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष के नेताओं को ईडी के माध्यम से प्रताड़ित कर रही है। जिस राज्य में चुनाव होते हैं, वहां इन संस्थाओं का भाजपा दुरुपयोग करती है। जिसको लेकर भोपालगढ़ के स्थानीय युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष पुखराज दिवराया के नेतृत्व में बस स्टैंड पर प्रधानमंत्री मोदी का पुतला जलाकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया। इस दौरान भोपालगढ़ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश जाखड़, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव बंसीलाल सैनी, जिलाध्यक्ष पुखराज दिवराया, जिला महासचिव महेंद्र प्रताप देवड़ा, रामस्वरूप देवड़ा, मुकेश भगत देवड़ा, महिपाल परिहार, सिंबू भाई प्रजापत, किशोर सोलंकी, सुमेर देवड़ा सहित युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।