नारद भोपालगढ़। उपखंड क्षेत्र के रजलानी गांव स्थित सिद्ध बाबा शिवनाथ महाराज के पावन धूणे पर साध्वी सुखिया बाई के सानिध्य में चल रहे दिव्य चातुर्मास सत्संग कार्यक्रम में आसपास के गांवों के सैकड़ों नर-नारी श्रद्धालु उमड़ रहे हैं।
युवा सामाजिक कार्यकर्ता सुनील पाड़ीवाल ने बताया कि चातुर्मास सत्संग कार्यक्रम के तहत गुलाबसागर जोधपुर रामद्वारा के रामस्नेही संत श्रवणराम महाराज ने धर्मसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मनुष्य अपने जीवन में गुरू के सानिध्य में रहकर ही सुख शांति प्राप्त कर सकता है। गुरु का मनुष्य के जीवन में बड़ा महत्व है। सद्गुरु ही जीव को मुक्ति का रास्ता दिखाता है तथा परमात्मा से मिलन कराता है। सत्य मार्ग से ही मानव सुख शांति का जीवन व्यतीत कर सकता है। मानव में सत्य को धारण करने की शक्ति बनी रहे, इसके लिए गुरु का साथ जरूरी है। जीवन में श्रेष्ठ कर्म करने वाला मनुष्य ही महान बनता है। यज्ञ संसार का सर्वश्रेष्ठ कर्म है। इसलिए हम सबको यज्ञ कर्म को जीवन में आत्मसात करना चाहिए।इस मौके पर रजलानी के अलावा नाड़सर, बारनी, दाड़मी, खारिया, छापला, शिवनाथनगर, रामनगर, शिवनगर, ग्वालों की ढाणी सहित आसपास के गांवों के सैकड़ों नर-नारी श्रद्धालु मौजूद रहे।

