पीड़ित शख्स के पिता को अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर छोड़ खुद के परिजनों के साथ हो गई फरार
नारद जोधपुर। शहर के निकटवर्ती कटारड़ा भांडू के एक शख्स की पत्नी शादी के सवा महीने बाद ही जेवरात और करीब पांच लाख रुपए की नकदी लेकर फरार हो गई। कुछ दिनों तक तो पीड़ित उसके लौटने का इंतजार करता रहा, लेकिन न तो वो लौटी और न ही रुपए-गहने ही लौटाए, तब पीड़ित ने बोरानाडा थाने में लुटेरी दुल्हन Luteri Dulhan सहित सात अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया।
बोरानाडा पुलिस ने बताया कि कटारड़ा भांडूकलां स्थित करणी माता का मंदिर के निकट रहने वाले महेंद्र पुत्र नरसिंह की ओर से रिपोर्ट दी गई है। इसमें बताया कि वह अपने परिचित रावतराम के साथ कुड़ी सेक्टर 4 स्थित सामुदायिक भवन के पीछे रहने वाले सलीम खां से इस साल जनवरी में मिला था। तब सलीम खां ने कहा कि वह महेंद्र की शादी करवा देगा और उसकी नजर एक लडक़ी है। उसके 50 हजार रूपए लगेंगे। तब पीडि़त महेंद्र की तरफ से 50 हजार रूपए के श एवं ऑनलाइन के जरिए दिए गए। 11 जनवरी 23 को आरोपी सलीम खां ने फोन कर बताया कि बिलाड़ा आ जाओ। तब परिवादी महेंद्र और उसका परिचित रावतराम बिलाड़ा गए। जहां पर महाराष्ट्र की अर्पा नाम की लडक़ी से विवाह कराने की बात की। तब अर्पा के रिश्तेदार मां आदि साथ थे। इन लोगों ने इसके लिए 1.55 लाख रूपए लिए। तब उसी दिन यह लोग कोर्ट परिसर आए और महेंद्र का विवाह अर्पा से करा दिया गया।
बेटी को लेने पहुंची मां, फिर अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर पानी पीने के बहाने हुए चंपत
शादी के कुछ दिनों बाद 27 फरवरी को अर्पा की मां सुनीता दाभड़े उसके घर आई और कहा कि बेटी को लेने आई है। उनके परिवार में कुछ कार्यक्रम का बहाना किया। तब परिवादी के पिता को भी इनके साथ में भेजा गया। अहमदाबाद रेलवे स्टेशन (Ahmedabad Railway Station) पर पानी पीने के बहाने मां बेटी वहां से चंपत हो गई। परिवादी की पत्नी अर्पा घर से चार तोला से ज्यादा के जेवरात के साथ बीस तोला चांदी के पायजेब और तकरीबन पांच लाख रूपए लेकर भी चंपत हो गई।
फरार होने के बाद भी मजबूरी बता ऑनलाइन मंगवाए 38 हजार
पीड़ित महेंद्र ने अर्पा के गायब होने के बारे में सलीम खां से बात की, तो उसने कहा कि अर्पा के घर पर जरूरी काम हो गया है। उसको रूपयों की जरूरत है। इस पर परिवादी ने 38 हजार रूपए ऑनलाइन भिजवाए। इसके बाद भी अर्पा नहीं लौटी। इस बीच परिवादी को 9 मार्च को जानकारी हुई कि महाराष्ट्र में लुटेरी दुल्हन और उसके परिवार के लोग पकड़े गए हैं, तो उनके बारे पता लगा। इस पर अब पीडि़त ने बोरानाडा थाने में धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कराते हुए सलीम खां, अर्पा, उसकी मां सुनीता दाभड़े, हारूण खां, शबाना खां आदि को नामजद किया है।