– ईओ से दुर्व्यवहार के मामले में दी 10 दिन में कार्यवाही की मोहलत
नारद पीपाड़ सिटी। नगरपालिका बोर्ड की बैठक के दौरान और उसके बाद हुए घटनाक्रम में अधिशाषी अधिकारी के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की मांग करते हुए पालिका कर्मचारी एकबारगी आंदोलन पर उतर गए। बाद में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की समझाइश पर जनहित में उन्होंने अपना निर्णय स्थगित करते हुए काम पर लौटने का फैसला किया। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को बोर्ड़ बैठक के उपरांत अधिशासी अधिकारी सुरेशचंद्र शर्मा ने भाजपा पार्षदों पर धक्का-मुक्की कर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया गया था। मामले की सूचना मिलते ही आक्रोशित नगर पालिका कार्मिको ने भाजपा पार्षदों पर कार्रवाई की मांग को लेकर सभी पालिका कर्मचारी पैन डाउन एवं झाड़ू डाउन हड़ताल पर चले गए।
दूसरी ओर, कस्बे में आयोजित होने वाली भौगोशील परिक्रमा में व्यवस्थाओं को लेकर बुधवार को कई सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी पालिकाध्यक्ष समुदेवी सांखला से मिले। पालिकाध्यक्ष ने जन भावनाओं को मद्देनजर रखते हुए पालिका कर्मचारियों की बैठक बुलाकर समझाइस की गई। पालिकाध्यक्ष एवं कांग्रेसी पार्षदों एवं नेताओं की अपील पर शहर हित एवं जनभावनाओं को मद्देजनर रखते हुए आखिरकार सभी कार्मिको ने टूल डाउन हड़ताल स्थगित कर काम पर लौट आए है। कार्मिको ने दस दिवस में अधिशासी अधिकारी से दुर्व्यवहार मामले में दोषी भाजपा पार्षदों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी भी दी गई है। बैठक में बाबूलाल टाक, मंसूर अली छिपा,करणा राम कच्छवाह,रघुनाथ टाक, गोबरसिंह कच्छवाह, इस्माइल खां सिंधी सहित सत्तापक्ष के पार्षद एवं कई स्थानीय कांग्रेसी नेता भी मौजूद थे।