नारद भोपालगढ़। उपखंड क्षेत्र के नाडसर में महाराणा प्रताप युवा मंडल तथा मेहराराम लामरोड माध्यमिक विद्यालय नाडसर, भोपालगढ के संयुक्त तत्वाधान में आजादी के पावन पर्व पर विद्यालय मे पौधारोपण किया। मंडल अध्यक्ष इंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी पौधारोपण पर्यावरण संरक्षण के लिए किया गया। वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण की नितांत आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति को एक पेड़ लगाकर उसका संरक्षण करना चाहिए। शहरीकरण व औद्योगिकीकरण के कारण हम हजारों पेड़ों को काट देते हैं। लेकिन उसके बदले नए पौधे नहीं लगाते, जिस कारण से वन क्षेत्र कम होता जा रहा है और आबादी का विस्तार होता जा रहा है।प्रधानाध्यापक सीताराम जलवानिया ने पेड़ पौधों से होने वाले लाभों के बारे में अवगत करवाया और गांव में सड़क के किनारे एवं अस्पताल गौशाला और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पौधारोपण की सलाह दी। इस दौरान सेवानिवृत्त शिक्षक गोपाराम चौधरी, विद्यालय संचालक भूपेंद्र लामरोड,अंजु चौधरी और विद्यालय स्टाफ बालक-बालिकाएं मौजूद थे।

