नारद सीकर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) की गुरुवार को सीकर (Sikar) में आयोजित सभा में प्रदेश की बहुचर्चित लाल डायरी (Red diary) छाई रही। मोदी ने गहलोत सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस (Congress) के बड़े से बड़े नेताओं (Leaders) की इस लाल डायरी का नाम सुनते ही बोलती बंद हो रही है। इस लाल डायरी में कांग्रेस सरकार के काले कारनामे दर्ज हैं। लोग कह रहे हैं कि लाल डायरी के पन्ने खुले तो अच्छे-अच्छे निपट जाएंगे। ये लोग भले ही मुंह पर ताला लगा लें, लेकिन ये लाल डायरी इस चुनाव (Election) में कांग्रेस का डिब्बा गोल करने जा रही है।
राज्य में कानून व्यवस्था के मुद्दे पर गहलोत सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजस्थान में हमारे तीज त्योहारों पर खतरा मंडरा रहा है। कब पत्थर चलने लग जाए कोई नहीं बता सकता। कब कर्फ्यू लग जाए किसी को नहीं पता। छोटी बच्चियां और स्कूल में पढ़ाने वाली टीचर तक सुरक्षित नहीं है।
विपक्षी गठबंधन को बताया नया पैंतरा
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने उसके सहयोगियों ने नाम बदलकर नया पैंतरा चला है। कांग्रेस और उसके सहयोगी उन्हीं कंपनियों की नकल कर रही है। जो पहले बदनाम होने के बाद अपना नए नाम का बोर्ड लगा लोगों को मूर्ख बनाते है। मोदी ने कहा, इनका तरीका वही है जो देश के दुश्मनों ने अपनाया है। पहले भी इंडिया के नाम के आगे अपने नाम को छिपाने का प्रयास किया गया है। सिमी यानि स्टूडेंट इस्लामिक मूवमेंट इंडिया बना था। नाम में इंडिया था,लेकिन मिशन इंडिया को बरबाद करने का था। जब बैन हो गया तो नया नाम लेकर आए पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया। नाम नया लेकिन काम वही पुराना। ईस्ट इंडिया कंपनी के नाम में भी इंडिया था।
किसानों के खाते में भेजी सम्मान निधि
इसके पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सीकर में देश के 9 करोड़ किसानों को सम्मान निधि भी जारी की। उन्होंने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि वीरों की भूमि शेखावाटी से देश के लिए अनेक विकास परियोजनाओं को शुरू करने का अवसर मिला है। आज यहां से देश के करोड़ों किसानों के पीएम किसान सम्मान निधि के लगभग 18,000 करोड़ सीधे उनके बैंक खाते में जमा हुए हैं। आज देश में 1.25 लाख पीएम किसान समृद्धि केंद्रों की शुरुआत की गई है। गांव और ब्लॉक लेवल पर बने इन केंद्रो से करोड़ों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। मोदी ने कहा कि हमारी सरकार देश के किसान के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।

