नारद भोपालगढ़। उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत छापला के राजस्व गांव शिवनगर स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय राईकों जाखड़ों की ढाणी में भामाशाह ने एक वाटर कूलर भेंट करके सामाजिक सरोकार की पहल की।प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार सिखवाल ने बताया कि राप्रावि शिवनगर के पूर्व एसएमसी अध्यक्ष व पूर्व सैनिक स्व. जीवणराम जाखड़ की पुण्यस्मृति पर उनके पुत्र रामकरण जाखड़ ने बच्चों के लिए एक वाटर कूलर भेंट कर विद्यालय परिवार को सुपुर्द किया। प्रधानाध्यापक सिखवाल ने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा ग्रहण कर रहे छोटे-छोटे बच्चों की सुविधाओं के लिए भामाशाह ने वाटर कूलर भेंटकर सामाजिक सरोकार का काम किया है जो काबिले तारीफ है। गर्मी के मौसम में बच्चों को अब ठंडा पानी मिल सकेगा जिससे वह शीतल जल से अपनी प्यास बुझा सकेंगे। समाज में बहुत से लोग सामर्थ्यवान होते हैं लेकिन किसी की सहायता करने के लिए बहुत कम लोग ही आगे आते हैं। अगर बच्चों को शिक्षा के लिए उचित माहौल व सभी सुविधाएं मिलेंगी तो वे पूरी लगन से शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे।इस मौके पर राप्रावि शिवनगर के प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार सिखवाल, अध्यापिका ऊषा पाड़ीवाल, भामाशाह रामकरण जाखड़ सहित विद्यालय के विद्यार्थी मौजूद रहे।

