ग्रेटर नोएडा. पबजी खेलते हुए हुई दोस्ती के बाद अपने प्रेमी से मिलने के लिए अपने चार बच्चों के साथ नेपाल के रास्ते भारत पहुंची सीमा हैदर को कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट में सीमा की तरफ से कहा गया कि वह अपने प्रेमी सचिन के साथ नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर में शादी कर चुकी है। इसके बाद कोर्ट ने सीमा, सचिन, उसके पिता व पता न बदलने व देश नहीं छोड़ने की शर्त पर जमानत प्रदान कर दी। सीमा वापस पाकिस्तान जाने की इच्छुक नहीं है। वह अब अपने पति सचिन के साथ भारत में रहेगी।
यह है मामला
ऑनलाइन गेम पबजी खेलते हुए ग्रेटर नोएडा निवासी सचिन का पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर से संपर्क हुआ। दोनों में नजदीकियां बढ़ीं। महिला का पूरा नाम सीमा गुलाम हैदर है और यह पाकिस्तान के कराची की रहने वाली है। महिला का पति दुबई में रहकर नौकरी करता है। महिला के पति से उसे एक बेटा फरहान अली, बेटी फरवा, फरिहा और फराह है, जिन्हें लेकर महिला पाकिस्तान से नेपाल और नेपाल के रास्ते भारत आई।
सचिन अनाज मंडी में पल्लेदारी का काम करता था। सीमा अपने साथ चार छोटे बच्चों को लेकर 13 मई को नोएडा पहुंचीं। इससे करीब चार दिन पहले ही सचिन ने कस्बे में मकान किराये पर ले लिया था। मकान लेते समय सचिन ने बताया था कि वह दो चार दिन बाद अपनी पत्नी के साथ रहने आएगा। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि सचिन के परिवार वाले भी वहां मिलने आते रहते थे। इस वजह से सबको भरोसा हो गया कि महिला सचिन की पत्नी है और बच्चे भी इन्हीं दोनों के हैं। लोगों के मुताबिक, सीमा साड़ी पहनती थी।
नेपाल में कर चुके है शादी
सीमा हैदर के वकील ने कोर्ट में बताया, कराची की रहने वाली सीमा की पबजी गेम खेलने के दौरान सचिन से पहचान हुई। इसके बाद वीडियो कॉलिंग के जरिए नजदीकियां बढ़ी। सीमा मार्च महीने में पाकिस्तान से नेपाल आई। काठमांडु के पशुपति नाथ मंदिर में दोनों ने शादी की। 7 दिनों तक नेपाल के होटल में रुके। फिर सीमा पाकिस्तान लौट गई। इसके बाद, सीमा मई के पहले सप्ताह में सीमा एक बार फिर नेपाल पहुंची। 13 मई को नेपाल के रास्ते बस में सवार होकर सीमा हैदर पाकिस्तान से भारत आई। बीते सोमवार को पुलिस तक यह मामला पहुंचा। इसके बाद सचिन और उसके पित नेत्रपाल और मंगलवार को सीमा को हरियाणा के बल्लभगढ़ से गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने तीनों को जेल भेजा दिया। सीमा के बच्चों की कम उम्र की वजह से मां के साथ उनको भी जेल भेजा गया था।
कोर्ट ने दी जमानत
दोनों के वकील ने कोर्ट में कहा कि सीमा और सचिन काठमांडू के पशुपतिनाथ मंदिर में विवाह कर चुके हैं। सीमा अब पाकिस्तान नहीं जाना चाहती है। वकील की दलील और बहस सुनने के बाद जेवर सिविल कोर्ट जूनियर डिविजन न्यायाधीश नाजिम अकबर ने सचिन के पिता नेत्रपाल, सचिन और सीमा हैदर को पता न बदलने और देश न छोड़ने की शर्त पर जमानत दे दी।
हिन्दू धर्म अपनाया
रिहा होने के बाद सीमा ने कहा कि उसने सचिन से नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर में शादी की थी। उसने हिंदू धर्म अपना लिया है। अब वह पाकिस्तान नहीं जाएगी। यहीं पर सचिन के साथ रहेगी।

[bsa_pro_ad_space id=2]