– सूरसागर से कांग्रेस ने प्रो. अयूब खान के बेटे शहजाद खान को बनाया प्रत्याशी
जोधपुर। शहर की सूरसागर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के नाम को लेकर कई दिनों से चल रही चर्चाएं आखिरकार शनिवार रात को खत्म हो गई, जब कांग्रेस की छठी सूची जारी हुई। इसमें सूरसागर सीट से पिछला चुनाव हारने वाले प्रो. अयूब खान के बेटे शहजाद खान को प्रत्याशी घोषित किया गया। इसके साथ ही जोधपुर कांग्रेस में सुगबुगाहट भी शुरू हो गई कि चुनाव हारने के बाद प्रो. खान को गत दिनों आरपीएससी सदस्य बना दिया गया था। ऐसे में उसी परिवार से कांग्रेस प्रत्याशी बनाना अन्य दावेदारों के साथ अन्याय है। ऐसे में जोधपुर कांग्रेस में भी बगावत का बिगुल बज सकता है।
कभी ब्राह्मण तो कभी मुस्लिम प्रत्याशी की चर्चाएं थी जोरों पर
सूरसागर से मौजूदा विधायक सूर्यकांता व्यास का टिकट काटकर भाजपा ने देवेंद्र जोशी को प्रत्याशी घोषित किया था। इसके बाद स्थानीय भाजपा में सूर्यकांता व्यास समर्थकों की नाराजगी को लेकर चर्चाएं होने लगी थी। इसी बीच, आधी रात को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अचानक ही सूर्यकांता व्यास के घर जा पहुंचे और काफी देर तक इनमें मंत्रणा होने की बातें भी सामने आई थी। इसके बाद से ही कयास लगाए जाने लगे कि सूरसागर से कांग्रेस किसी ब्राह्मण प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतार सकती है। इसके लिए पूर्व महापौर रामेश्वर दाधीच, कांग्रेस नेता सुनील व्यास सहित कई अन्य दावेदारों के नाम भी सामने आते रहे। वहीं आमतौर पर मुस्लिम प्रत्याशी उतारती रही कांग्रेस से जफर खान, जिलाध्यक्ष सलीम खान, पूर्व जिलाध्यक्ष सईद अंसारी की बेटी मेहराज अंसारी सहित अन्य ने भी दावेदारी जताई थी। लेकिन, शनिवार रात को लिस्ट आई, तो सब हैरान रह गए, क्योंकि, तमाम दावेदारों को दरकिनार कर कांग्रेस ने प्रो. अयूब खान के बेटे को प्रत्याशी घोषित कर दिया। जबकि, प्रो. खान को आरपीएससी सदस्य बनाए जाने के बाद यही चर्चाएं थीं कि अब उनकी दावेदारी की कोई गुंजाइश नहीं बची है। लेकिन कांग्रेस ने उसी परिवार को टिकट देकर सबको चौंका दिया।
